पीसीटी
समाचार

श्री राधा कृष्ण मंदिर असवाई के सौंदर्यीकरण का शिलान्यास, ₹135.16 लाख की परियोजना का हुआ शुभारंभ
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने ग्राम असवाई स्थित ऐतिहासिक श्री राधा कृष्ण मंदिर के पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। ₹135.16 लाख की लागत से संचालित इस परियोजना के माध्यम से इस प्राचीन मंदिर को एक भव्य और आधुनिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने कहा, “श्री राधा कृष्ण मंदिर असवाई केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान है।”
मंत्री ने धार्मिक पर्यटन और रोजगार के अंतर्संबंध पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब किसी धार्मिक स्थल का सौंदर्यीकरण होता है तो वहाँ श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होती है, जिससे क्षेत्र की प्रसिद्धि के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिरोजाबाद जनपद को पर्यटन मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करना सरकार का प्रमुख लक्ष्य है।
मंत्री ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश भर में मंदिरों और ऐतिहासिक धरोहरों का कायाकल्प किया जा रहा है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विश्रामालय, पेयजल सुविधा, प्रकाश व्यवस्था, इंटरलॉकिंग, टाइल्स तथा भव्यता बढ़ाने हेतु विशेष सौंदर्यात्मक कार्य किए जाएंगे।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख अरांव कमलेश राजपूत, जिला उपाध्यक्ष सहित पर्यटन विभाग एवं यूपीपीसीएल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *