मिशन शक्ति कार्यक्रम में छात्राओं को किया गया जागरूक
फिरोजाबाद। मिशन शक्ति फेज-5 के तहत थाना द्वारिकापुरी स्थित विहान बालिका आवासीय विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को प्रेम प्रसंग (एलोपमेंट) के मामलों में घर से चले जाने की घटनाओं की रोकथाम के लिए जागरूक किया गया। साथ ही ऐसे मामलों के सामाजिक, मानसिक और कानूनी दुष्परिणामों की विस्तार से जानकारी दी गई।
मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी कल्पना राजौरिया ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना केवल सरकार या पुलिस की ही जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है और यदि बालिकाएं अपने अधिकारों व कानूनों के प्रति सजग रहेंगी तो किसी भी प्रकार के अपराध का डटकर सामना कर सकेंगी। कार्यक्रम के दौरान बढ़ते साइबर अपराधों पर भी विशेष चर्चा की गई। महिला उपनिरीक्षण एकता जी ने छात्राओं को बताया गया कि किस प्रकार साइबर ठग सोशल मीडिया, कॉल और अन्य माध्यमों के जरिए लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। उनसे सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत करने के लिए प्रेरित किया गया।
कल्पना राजौरिया ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को न सिर्फ सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने और अपने निर्णय स्वयं लेने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने छात्राओं को सलाह दी कि वे किसी भी प्रलोभन या भावनात्मक बहकावे में आकर गलत कदम न उठाएं और परिवार व शिक्षकों से संवाद बनाए रखें।
महिला उपनिरीक्षक भावना चौहान ने साइबर अपराधों को लेकर सचेत करते हुए कहा कि अनजान कॉल, लिंक और सोशल मीडिया पर बनने वाले रिश्तों से सावधान रहना जरूरी है। उन्होंने हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112, 1098 और 1930 की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत इन नंबरों पर संपर्क करें और बिना डर अपनी बात रखें।
मुख्य अतिथि के रूप में जायंट्स ग्रुप महिला शक्ति की अध्यक्ष सीमा अग्रवाल ने छात्राओं को आत्मनिर्भर, सजग और आत्मविश्वासी बनने का संदेश दिया। उन्होंने छात्राओं को मानसिक रूप से मजबूत रहने के लिए मेडिटेशन भी करवाया और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य विजयलक्ष्मी जी ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान थाना उत्तर से वंदना, राखी, कांस्टेबल हरीश चंद्र और जयवीर सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाओं का सराहनीय सहयोग रहा ।