फिरोजाबाद में दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार
अवैध तमंचे, कारतूस, अपाचे बाइक व लूटे गए मोबाइल बरामद
फिरोजाबाद, 27 मार्च। थाना दक्षिण पुलिस ने लूट की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल तथा लूटे गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 25 मार्च को एक व्यक्ति ने थाना दक्षिण में तहरीर देकर बताया था कि अपाचे बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उसका मोबाइल झपट्टा मारकर छीन लिया। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत थाना दक्षिण पुलिस टीम ने 26 मार्च को मुखबिर की सूचना पर गोवर्धन की ठार कच्चे रास्ते से दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कृष्णा पुत्र सत्यप्रकाश और यतेन्द्र पुत्र ओमप्रकाश, निवासी श्रीराम कॉलोनी, थाना उत्तर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से दो अवैध तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस, एक अपाचे बाइक (UP 83 BD 6927) तथा दो मोबाइल फोन (रेडमी व ओप्पो) बरामद किए गए।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों की अन्य घटनाओं में संलिप्तता भी सामने आई है, जिसके आधार पर संबंधित धाराओं में अतिरिक्त मुकदमे दर्ज किए गए हैं। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।