पीसीटी
समाचार

यूपी सरकार के 9 साल पूरे: कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने गिनाईं उपलब्धियां, विपक्ष पर साधा निशाना

इंफ्रास्ट्रक्चर, कानून व्यवस्था और गरीब कल्याण योजनाओं को बताया बड़ी उपलब्धि, गैस संकट और एनकाउंटर पर भी दिया बयान
फिरोजाबाद/उत्तर प्रदेश, 25 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश सरकार के 9 साल पूरे होने के मौके पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मीडिया से बातचीत में सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला।
हर क्षेत्र में हुआ विकास: मंत्री का दावा
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बीते 9 वर्षों में प्रदेश सरकार ने हर उस क्षेत्र में काम किया है, जो आम जनजीवन से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर, कानून व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि जैसे सभी क्षेत्रों में व्यापक सुधार हुए हैं।
उनका कहना था कि पहले की सरकारों में जो काम 50-60 वर्षों में नहीं हो पाए, वे अब तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। सरकार ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया है।
स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं पर जोर
मंत्री ने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले जहां बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी होती थी, वहीं अब मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों की स्थिति में सुधार किया जा रहा है।
उन्होंने एसएन मेडिकल कॉलेज का जिक्र करते हुए कहा कि यहां अब प्राथमिक सुविधाओं को दुरुस्त किया जा रहा है और आम लोगों तक बेहतर सेवाएं पहुंच रही हैं।
विपक्ष पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के जमाखोरी और जिला योजना को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वे बिना आधार के आरोप लगा रहे हैं।
गैस संकट पर क्या बोले
फिरोजाबाद के उद्योगों पर गैस की कमी के असर को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि यह समस्या अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों से जुड़ी है।
उन्होंने ईरान, अमेरिका, इज़राइल और खाड़ी देशों में चल रहे तनाव को इसका कारण बताया।
साथ ही उन्होंने कहा कि लोगों में पैनिक के कारण भी गैस की कृत्रिम कमी जैसी स्थिति बन रही है, क्योंकि लोग जरूरत से ज्यादा स्टॉक कर रहे हैं।
एनकाउंटर पर सरकार का रुख
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि कानून के खिलाफ जाने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह किसी भी वर्ग से क्यों न हों।
उन्होंने विकास दुबे का उदाहरण देते हुए कहा कि कानून को चुनौती देने वालों को परिणाम भुगतने पड़ते हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *