फिरोजाबाद, 25 मार्च 2026। जनपद में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान (फेज-05) के तहत बुधवार को पुलिस लाइन में “रन फॉर इम्पावरमेंट” दौड़ का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश शासन और पुलिस विभाग के निर्देशों के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय दबरई की छात्राओं एवं जनपद के विभिन्न थानों की मिशन शक्ति टीमों को हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी अपराध, विद्यालय के शिक्षकगण तथा पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।
दौड़ के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें आत्मरक्षा और सतर्कता के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि समाज में सुरक्षा और सम्मान का माहौल मजबूत किया जा सके।