बिछवां थाना क्षेत्र के हन्नुखेड़ा में आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक, तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
मैनपुरी | ब्यूरो रिपोर्ट (मोहित गुप्ता)
जनपद मैनपुरी से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया। बिछवां थाना क्षेत्र के हन्नुखेड़ा गांव के पास देर शाम डायल 112 पर तैनात पुलिस बाइक और एक अन्य बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक चला रहे होमगार्ड दिनेश (42 वर्ष), निवासी सिरसा थाना कुरावली, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठे सिपाही सत्यपाल सिंह और दूसरी बाइक सवार 20 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इमादपुर हन्नुखेड़ा निवासी पवन अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से डायल 112 पर तैनात होमगार्ड दिनेश अपने साथी सिपाही के साथ किसी पुलिस कार्यक्रम में जा रहे थे। हन्नुखेड़ा के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
बाइट:
एसपी ग्रामीण अरुण कुमार सिंह ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है और घायलों का समुचित इलाज कराया जा रहा है।