हुमायूंपुर के मोदी नगर इलाके में हादसा, महापौर ने दिया आर्थिक मदद का भरोसा
फिरोजाबाद:
थाना दक्षिण क्षेत्र के हुमायूंपुर स्थित मोदी नगर इलाके में गैस सिलेंडर लीकेज के चलते एक घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा लॉगश्री पत्नी स्वर्गीय दिनेश राठौर के घर में हुआ। सिलेंडर से गैस लीक होने के बाद आग ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई।
स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर का पूरा सामान जल चुका था। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की महापौर कामिनी राठौर मौके पर पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें हर संभव आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।