मैनपुरी में दबंगों का आतंक: युवती से मारपीट, लूटपाट और छेड़छाड़ की कोशिश, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
वीडियो बनाने पर भड़के आरोपी, अंगूठी छीनी, दुपट्टा खींचकर मर्यादा भंग करने का प्रयास; पीड़िता का आरोप—शिकायत के बावजूद नहीं हुई ठोस कार्रवाई
मैनपुरी | ब्यूरो रिपोर्ट (मोहित गुप्ता)
जनपद मैनपुरी में दबंगों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका एक गंभीर मामला थाना कोतवाली क्षेत्र के नगला कीरत गांव से सामने आया है। यहां एक युवती के साथ मारपीट, लूटपाट और छेड़छाड़ की कोशिश का आरोप लगा है। पीड़िता और उसका परिवार दहशत के साए में जीने को मजबूर है।
पीड़िता खुशबू पुत्री सरवावद खान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 मार्च 2026 की शाम करीब 7 बजे वह अपने घर के बाहर खड़ी थी। तभी पास में हो रहे विवाद की आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंची, जहां कुछ लोग एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर रहे थे।
वीडियो बनाना पड़ा भारी
पीड़िता के अनुसार, जैसे ही उसने घटना का वीडियो बनाना शुरू किया, आरोपी भड़क उठे और उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि दबंगों ने उसका मोबाइल, सोने की चेन और अंगूठी छीनने की कोशिश की, जिसमें वे अंगूठी छीनने में सफल रहे।
छेड़छाड़ और धमकी का आरोप
मामला यहीं नहीं रुका। आरोपियों ने युवती का दुपट्टा खींचकर उसकी मर्यादा भंग करने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत डायल 112 और 1090 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे आरोपियों के हौसले और बढ़ गए। पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने उसके परिवार को भी निशाना बनाया और उसके भाई को घेरकर मारपीट करने की कोशिश की।
अवैध हथियार के साथ धमकी
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी के पास अवैध हथियार है और वह खुलेआम धमकी दे रहा है। घटना का वीडियो भी पीड़िता के पास मौजूद है, जिसे वह सबूत के तौर पर पेश करने को तैयार है।
दहशत में परिवार, कार्रवाई की मांग
लगातार मिल रही धमकियों के चलते पीड़िता और उसका परिवार भय के माहौल में जी रहा है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना होगा कि मैनपुरी पुलिस इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाती है और पीड़िता को न्याय कब तक मिल पाता है।