फिरोजाबाद: निजी कार्यक्रम में पहुंचे पर्यटन एवं संस्कृत मंत्री जयवीर सिंह, कई मुद्दों पर दिया बयान
फिरोजाबाद में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृत मंत्री जयवीर सिंह शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश और देश से जुड़े कई अहम मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
मीडिया और सत्ता परिवर्तन के बयान पर प्रतिक्रिया
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा “30 कैमरे सही से काम करने लगे तो सत्ता परिवर्तन हो जाएगा” वाले बयान पर मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह सवाल मीडिया से ही पूछा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मीडिया पर कितना दबाव है, यह वही बेहतर बता सकते हैं, किसी के कहने मात्र से स्थिति नहीं बदलती।
अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भारत की भूमिका
ईरान के राष्ट्रपति द्वारा भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत और अमेरिका-इजराइल के बीच चल रहे तनाव को रोकने की अपील पर मंत्री ने कहा कि भारत हमेशा से विश्व गुरु रहा है और वैश्विक मंच पर उसकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक अनिश्चितता के दौर में भारत अपनी जिम्मेदारी को बेहतर ढंग से निभाएगा।
आलू के दाम पर बयान
आलू की गिरती कीमतों से परेशान किसानों के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि आलू एक सामान्य सब्जी है, जिसके दाम बाजार के अनुसार ऊपर-नीचे होते रहते हैं।
फर्जी मुठभेड़ के आरोपों पर पलटवार
सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव द्वारा फर्जी मुठभेड़ों को लेकर दिए गए बयान पर मंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष का “समय अब कभी नहीं आने वाला” और उनके आरोप निराधार हैं।
अधिकारियों के तबादले पर सफाई
जिले में लंबे समय से जमे अधिकारियों के तबादले न होने के सवाल पर मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि किसी भी अधिकारी को क्षेत्र को समझने में समय लगता है। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी लंबे समय तक क्षेत्र में काम करता है, वही बेहतर तरीके से काम कर सकता है।