पीसीटी
समाचार

फिरोजाबाद में देह व्यापार का भंडाफोड़, 4 महिलाएं समेत 15 गिरफ्तार, भारी नकदी व सामग्री बरामद
मक्खनपुर पुलिस की छापेमारी में बड़ा खुलासा, 2 आरोपी फरार, 6 बाइक सीज
फिरोजाबाद: जनपद के थाना मक्खनपुर क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 महिलाओं समेत कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में नकदी, मोबाइल फोन और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है, जबकि 2 आरोपी मौके से फरार हो गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद के नेतृत्व में थाना मक्खनपुर पुलिस टीम ने 21 मार्च 2026 की रात करीब 8:30 बजे मुखबिर की सूचना पर पारस होटल के पास छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 4 महिलाओं और 11 पुरुषों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, यहां अवैध देह व्यापार संचालित किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान 2 आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 16 प्लास्टिक डिब्बों में सील की गई नकदी, कई मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। साथ ही मौके पर खड़ी 6 मोटरसाइकिलों को भी सीज कर दिया गया।
इस मामले में थाना मक्खनपुर पर मुकदमा संख्या 68/2026 के तहत धारा 296 बीएनएस और अनैतिक देह व्यापार अधिनियम की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *