पीसीटी
समाचार

उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन से लाखों युवाओं को मिला रोजगार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस मिशन का उद्देश्य 14 से 35 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देना है जो कक्षा 10 के बाद औपचारिक शिक्षा से दूर हो गए हैं या रोजगार की तलाश में हैं।
व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत स्थापित इस मिशन के माध्यम से युवाओं को अल्पकालीन प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके तहत स्टेट स्किल डेवलपमेंट फंड (SSDF), प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY), दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा विश्व बैंक समर्थित संकल्प परियोजना भी मार्च 2025 तक लागू रही, जिसका उद्देश्य प्रदेश के स्किल ईको-सिस्टम को मजबूत करना और वंचित वर्गों के लिए विशेष कार्यक्रम चलाना था।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण को जोड़ने के लिए प्रोजेक्ट प्रवीण के तहत राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के छात्रों को नियमित पढ़ाई के साथ निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से अब तक 315 विद्यालयों के 26 हजार से अधिक छात्रों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। वहीं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की 3450 छात्राओं को भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के नेतृत्व में वर्ष 2017-18 से अब तक 14 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है, जिनमें से 6 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है। प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सभी प्रशिक्षण केंद्रों में आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू की गई है।
प्रदेश के युवाओं को कहीं से भी कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (LMS) पोर्टल भी विकसित किया गया है, जिसमें एनसीवीईटी से अनुमोदित पाठ्यक्रमों के डिजिटल संस्करण उपलब्ध हैं।
इसके साथ ही प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए कानपुर स्थित जे.के. इंस्टीट्यूट फॉर टेक्नीशियन ट्रेनिंग को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया गया है। वहीं महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से पिंक बस सेवा के लिए महिला चालकों का विशेष प्रशिक्षण भी कराया गया है।
मिशन के तहत वर्ष 2017-18 से अब तक 186 बड़े रोजगार मेलों का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से 4.32 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिला। इसके अलावा वर्ष 2023-24 में आयोजित 1624 रोजगार मेलों में 2.26 लाख युवाओं को नौकरी मिली। चालू वित्तीय वर्ष में विश्व युवा कौशल दिवस पर 74 जिलों में आयोजित रोजगार मेलों में 20,997 युवाओं का सेवायोजन किया गया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *