ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल
फिरोजाबाद। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक ईद की खरीदारी करने के लिए घर से बाजार जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार सिरसागंज के शेख की सराय निवासी 21 वर्षीय फरहान, 19 वर्षीय अनस और 24 वर्षीय उजेफ बाइक से सिरसागंज बाजार की ओर जा रहे थे। जब उनकी बाइक नौशहरा पुल के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि फरहान और अनस ट्रक के टायर के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उजेफ गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना शिकोहाबाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार टक्कर मारने वाले ट्रक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है। ईद से पहले हुए इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है।