रूपसपुर में दो दिवसीय मुख्यमंत्री ग्राम स्वरोजगार प्रशिक्षण का शुभारंभ, युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया जागरूक
रूपसपुर (14 मार्च 2026):
ग्राम रूपसपुर में शनिवार को दो दिवसीय मुख्यमंत्री ग्राम स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य अशोक यादव ने फीता काटकर तथा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना और गांवों में रोजगार के नए रास्ते तैयार करना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्ति प्रभारी मनोज कुमार दीक्षित, डीआरपी रचना यादव तथा प्रशिक्षक धनंजय वशिष्ठ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी लघु इकाइयों की स्थापना कर गांव में ही रोजगार सृजित करने के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
डीआरपी रचना यादव ने प्रतिभागियों को पीएम एफएमई योजना के तहत खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया, आवश्यक मशीनों तथा राज्य सरकार द्वारा मिलने वाले अनुदान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से ग्रामीण युवा छोटे स्तर पर उद्योग शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
वहीं प्रभारी शैलेन्द्र कुमार ने खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े विभिन्न उद्योगों जैसे अचार, जैम, जेली, चिप्स, पापड़, मसाला उद्योग, डेयरी उद्योग, तेल मिल और आटा मिल आदि लगाने के तरीके तथा विभाग द्वारा मशीनों पर मिलने वाले अनुदान के बारे में विस्तार से बताया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण युवक-युवतियों ने भाग लिया और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण से गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और बेरोजगारी की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।