पीसीटी
समाचार

गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
फिरोजाबाद। देश में बढ़ती महंगाई, एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी और गैस आपूर्ति की कमी को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर आयोजित किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडरों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी और आपूर्ति में कमी के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
₹60 और ₹120 की बढ़ोतरी से बढ़ी परेशानी
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष शीलेन्द्र वर्मा ने कहा कि हाल ही में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में ₹60 और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में ₹120 की वृद्धि की गई है। इससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के साथ-साथ होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े छोटे कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
उन्होंने कहा कि गैस की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति की समस्या के कारण छोटे व्यापारियों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति पैदा हो रही है।
अंतरराष्ट्रीय हालात का भी बताया असर
पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि देश में इस्तेमाल होने वाली बड़ी मात्रा में एलपीजी विदेशों से आयात होती है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव और ऊर्जा बाजार में उतार-चढ़ाव का असर गैस आपूर्ति पर पड़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से ऊर्जा संकट से निपटने के लिए प्रभावी रणनीति बनाने की मांग की।
महंगाई पर सरकार से जवाब मांगा
विधि प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष एडवोकेट अमित गर्ग ने आरोप लगाया कि ऊर्जा क्षेत्र में निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाली नीतियों के कारण आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ रहा है। वहीं महानगर अध्यक्ष नदीम सिद्दीकी ने कहा कि देश के कई हिस्सों में छोटे उद्योग और कारोबार प्रभावित हो रहे हैं।
ये रखी गईं प्रमुख मांगें
पार्टी ने राष्ट्रपति के नाम दिए ज्ञापन में मांग की कि
घरेलू एलपीजी सिलेंडर की हालिया कीमत वृद्धि वापस ली जाए।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति लागू की जाए।
गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए।
बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार स्पष्ट नीति घोषित करे।
प्रदर्शन के दौरान पूनम गौतम, राजेश वर्मा, उदयराज सिंह, निर्मल, रत्नेश यादव, जावेद, मुर्जीद खान, इमरान खान और अनवर हुसैन समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *