मैनपुरी: अंतर्राज्यीय लूट गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार, कई जिलों में वारदातें कबूली
मैनपुरी। पुलिस अधीक्षक मैनपुरी के कुशल निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी भोगांव के नेतृत्व में थाना किशनी पुलिस और सर्विलांस एवीटी टीम ने अंतर्राज्यीय लूट गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 26 फरवरी 2026 को थाना किशनी पुलिस ने खड़सरिया बॉर्डर क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुघल बाबू पुत्र अनिल निवासी नरसिंगपुर थाना किशनी (मैनपुरी) और विकास पुत्र सर्वेश कुमार निवासी कैलामऊ थाना बसरेहर (इटावा) के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गैंग मैनपुरी समेत आसपास के जिलों और गुजरात तक लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। आरोपियों ने किशनी और दन्नाहार (मैनपुरी), शिकोहाबाद (फिरोजाबाद) तथा चौबिया (इटावा) थाना क्षेत्रों में लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था।
बताया गया है कि थाना किशनी क्षेत्र में देवेंद्र कुमार से लूट की घटना के दौरान आरोपियों द्वारा की गई फायरिंग में गैंग का एक सदस्य घायल हो गया था। घायल आरोपी विकास को गैंग के सरगना सुघल बाबू के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी आदतन पेशेवर अपराधी हैं और इनके खिलाफ विभिन्न जनपदों में लूट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट के तहत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल थाना किशनी पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बाइट: एसपी सिटी गणेश प्रसाद शाह, मैनपुरी
रिपोर्ट: मोहित गुप्ता, ब्यूरो चीफ मैनपुरी (पिंक सिटी टाइम्स)