पेट्रोल पंप पर फायरिंग करने वाले दो आरोपी अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार
पेट्रोल भरवाकर पैसे न देने पर की थी मारपीट और फायरिंग, टूंडला पुलिस की कार्रवाई
फिरोजाबाद।
थाना टूंडला पुलिस ने पेट्रोल पंप पर मारपीट और फायरिंग की घटना में वांछित दो आरोपियों को अवैध तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने पेट्रोल भरवाने के पैसे न देने को लेकर पेट्रोल पंप कर्मचारियों और मालिक के साथ मारपीट की थी तथा जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद सौरभ दीक्षित के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी टूंडला के पर्यवेक्षण में थाना टूंडला पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस ने मुकदमा संख्या 109/2026 से संबंधित वांछित अभियुक्त समीक उर्फ चिली पुत्र हृदेश बिहारी और कृष्णकांत उर्फ बिल्लू पुत्र राधेश्याम, निवासी अलीनगर कैंजरा थाना टूंडला को फतेहाबाद रोड स्थित होटल जय पैलेस के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक अवैध तमंचा 315 बोर और एक-एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
घटना का विवरण
पुलिस के अनुसार 3 मार्च 2026 को वादी हिमांशु मित्तल, निवासी जैन नगर खेड़ा थाना उत्तर फिरोजाबाद, ने थाना टूंडला में तहरीर दी थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी समीक उर्फ चिल्ली, सनी उर्फ तितली, विष्णु, कृष्णकांत और अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिलों से पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे।
आरोप है कि पेट्रोल भरवाने के बाद आरोपियों ने पैसे देने से इनकार कर दिया और पेट्रोल पंप मालिक अशोक मित्तल तथा सेल्समैन विनोद कुमार के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की और धमकी देकर फरार हो गए।
इस मामले में थाना टूंडला में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस जांच के दौरान दोनों आरोपी वांछित चल रहे थे, जिन्हें अब गिरफ्तार कर लिया गया है।
आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार आरोपी समीक उर्फ चिली के खिलाफ पहले भी मारपीट और धमकी के दो मामले दर्ज हैं, जबकि कृष्णकांत उर्फ बिल्लू के खिलाफ आबकारी अधिनियम सहित अन्य मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है।