आलू खुदाई के दौरान ट्रैक्टर से गिरा 2 साल का मासूम, दर्दनाक मौत से परिवार में मचा कोहराम
फिरोजाबाद:
फिरोजाबाद जिले के थाना नारखी क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव आसनपुर खेरिया में आलू की खुदाई के दौरान ट्रैक्टर से गिरकर 2 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 1 बजे गांव आसनपुर खेरिया में खेत पर ट्रैक्टर से आलू खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर पर बैठा 2 साल का मासूम बालक अचानक नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन घबराकर बच्चे को तुरंत फिरोजाबाद के सरकारी ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक बालक की पहचान कोटला निवासी 2 वर्षीय निशांत के रूप में हुई है। वह अपनी मां के साथ अपने ननिहाल आया हुआ था। ननिहाल में ही खेत पर काम के दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया है कि परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही बच्चे के शव को अस्पताल से घर ले गए।
Oplus_16908288