अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर टूंडला जंक्शन पर विशेष कार्यक्रम, महिला लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर ने संभाली ट्रेन की कमान
टूंडला/फिरोजाबाद।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च 2026 को उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के अंतर्गत टूंडला जंक्शन पर महिला सशक्तिकरण को समर्पित एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा उप मुख्य यातायात प्रबंधक टूंडला अमित आनंद के निर्देशन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर रेलवे में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए ट्रेन संख्या 22308 बीकानेर–हावड़ा एक्सप्रेस का संचालन टूंडला से कानपुर तक पूरी तरह महिला स्टाफ द्वारा किया गया। इस ट्रेन को महिला लोको पायलट अर्चना और ट्रेन मैनेजर ज्योत्स्ना शुक्ला ने संचालित किया। यह पहल भारतीय रेल में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और सशक्तिकरण का प्रेरणादायक उदाहरण बनी।
कार्यक्रम के दौरान स्टेशन पर कार्यरत महिला रेलकर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य और समर्पण के लिए सम्मानित भी किया गया। स्टेशन अधीक्षक सुजीत कुमार ने स्टेशन मास्टर रजनी सिंह और शशि, आरपीएफ कांस्टेबल नेहा, दीप्ति, रेखा और कविता, कमर्शियल क्लर्क पिंकी मीणा, तथा पॉइंट्समैन हेमा, वर्षा शर्मा और प्रिया यादव को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि भारतीय रेल में महिलाएं विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए अपनी दक्षता का परिचय दे रही हैं। साथ ही वे रेलवे संचालन को अधिक सुरक्षित और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से महिला कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।