एसएसपी सौरभ दीक्षित ने किया पुलिस कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण, अभिलेखों के अद्यतन और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश
फिरोजाबाद।
जनपद फिरोजाबाद में शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने पुलिस कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का गहनता से अवलोकन करते हुए अभिलेखों, रजिस्टरों, लंबित प्रकरणों, पत्रावलियों तथा कार्यालयीय व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने संबंधित शाखा प्रभारियों को निर्देश दिए कि सभी अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखा जाए तथा पत्रावलियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यालय में स्वच्छता, अनुशासन और कार्यकुशलता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।
इसके साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण और कार्यालयीन कार्यों को पारदर्शिता व दक्षता के साथ संपादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने को कहा, ताकि आमजन की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान पुलिस कार्यालय के समस्त शाखा प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।