फिरोजाबाद: जैन मुनि विहसंत सागर महाराज ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी, 15 मार्च को जेतपुरा में 12 जनकल्याणकारी योजनाओं का भूमि पूजन
फिरोजाबाद शहर के चंद्रप्रभु प्राचीन जैन मंदिर परिसर में शुक्रवार को जैन मुनि विहसंत सागर महाराज ने प्रेस वार्ता कर एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि इटावा जिले के जेतपुरा में 15 मार्च को 12 जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
मुनि विहसंत सागर महाराज आगरा से विहार करते हुए अपने संघ के साथ फिरोजाबाद पहुंचे और चंद्रप्रभु प्राचीन जैन मंदिर में विराजमान हुए। शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित इटावा जिले के जेतपुरा में करीब 4 बीघा भूमि पर एक विशाल जैन मंदिर परिसर का निर्माण प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत जैन मंदिर के साथ-साथ संत भवन, गौशाला, गुरुकुल और चिकित्सालय का निर्माण भी किया जाएगा, जो समाज के लिए जनकल्याणकारी साबित होगा। इस निर्माण कार्य का शिलान्यास 15 मार्च को उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों की उपस्थिति में किया जाएगा।
मुनि महाराज ने यह भी बताया कि जैन मंदिर निर्माण में देश के 501 तीर्थधामों की मिट्टी से भरे कलश स्थापित किए जाएंगे। उनका मानना है कि इससे भक्ति और आराधना करने वाले श्रद्धालुओं को विशेष आध्यात्मिक शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होगी।
उन्होंने समाज के लोगों से इस जनकल्याणकारी योजना में सहयोग और सहभागिता की अपील भी की।