Firozabad: थाना नसीरपुर क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। घटना बटेश्वर रोड पर गांव स्यारमऊ के पास की है, जहां रिश्तेदारी से लौट रहे बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान प्रदीप पुत्र निवासी जहांगीरपुर गेलरई के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए शिकोहाबाद स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय की मोर्चरी भिजवा दिया है।
थाना नसीरपुर पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।