फिरोजाबाद: आलमपुर रोड पर कैंटर की टक्कर से किसान की मौत, चालक और वाहन मौके पर पकड़े गए
फिरोजाबाद जनपद के थाना नारखी क्षेत्र अंतर्गत आलमपुर कोटला निवासी राकेश खान (पुत्र लाल खान) की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा आलमपुर रोड पर उस समय हुआ, जब वह खेत पर चल रहे आलू खुदाई कार्य के दौरान मजदूरों के लिए सामान लेने जा रहे थे।
बताया जाता है कि राकेश खान पास की दुकान पर मजदूरों के लिए पानी और तंबाकू लेने के लिए सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे कैंटर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। किसान की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद चालक और कैंटर वाहन को मौके पर ही पकड़ लिया गया। सूचना पर पहुंची नारखी पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर वाहन को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाने की मांग की है
Oplus_16908288