डीएम रमेश रंजन ने सीडीओ शत्रोहन वैश्य संग स्थल का किया निरीक्षण, बिजली-पानी व स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष जोर
फिरोजाबाद, 25 फरवरी (सूचना विभाग)।
आगामी 7 मार्च से 10 मार्च तक आयोजित होने वाले भव्य सामौर बाबा धाम महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी रमेश रंजन ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ महोत्सव स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि महोत्सव प्रारंभ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि सिरसागंज सहित दूर-दराज क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है, ऐसे में भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
महोत्सव के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने हेतु स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं का प्रदर्शन और आमजन को जागरूक करने का कार्य किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने महोत्सव स्थल पर निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था तथा स्वास्थ्य कैंप लगाने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि सामौर बाबा धाम महोत्सव क्षेत्रीय संस्कृति और आस्था का प्रतीक है, इसलिए इसकी गरिमा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए।