फिरोजाबाद: सिरसागंज में दर्दनाक सड़क हादसा, 27 वर्षीय युवक की मौत
फिरोजाबाद के सिरसागंज क्षेत्र में करहल रोड पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान विजयनगर निवासी अमित के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि अमित अपनी परचून की दुकान बंद कर देर शाम बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तहसील के समीप एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमित की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने ट्रैक्टर को पकड़ लिया और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही एसडीएम, तहसीलदार और थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।