पीसीटी
समाचार

फिरोजाबाद में तीन विद्यालयों का औचक निरीक्षण, छात्र संख्या कम मिलने पर बीएसए सख्त
फिरोजाबाद, 23 फरवरी 2026।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने सोमवार को विकास खंड फिरोजाबाद के विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान छात्र उपस्थिति कम पाए जाने पर संबंधित स्टाफ को कड़े निर्देश दिए गए।
बीएसए ने अभ्युदय कम्पोजिट विद्यालय लालऊ, कम्पोजिट विद्यालय अलीनगर केंजरा तथा प्राथमिक विद्यालय नगला गोला का निरीक्षण किया। विद्यालयों में पठन-पाठन की स्थिति, छात्र उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान छात्र संख्या अपेक्षाकृत कम पाई गई, जिस पर बीएसए ने समस्त शिक्षकों एवं स्टाफ को निर्देशित किया कि वे अभिभावकों से संपर्क कर छात्र उपस्थिति बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करें। साथ ही विद्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, स्वच्छ एवं पौष्टिक मध्यान्ह भोजन तैयार कर समय से विद्यार्थियों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त कम्पोजिट स्कूल ग्रांट का समुचित उपयोग करते हुए विद्यालयों की रंगाई-पुताई एवं आधारभूत सुविधाओं में सुधार करने को कहा गया। बीएसए ने शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार लाने, कक्षाओं में नियमित अध्यापन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों की सीखने की उपलब्धि पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी जारी किए।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
— पिंक सिटी टाइम्स

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *