5 करोड़ मुआवजा, एक सरकारी नौकरी और अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग
मैनपुरी | पिंक सिटी टाइम्स
जनपद मैनपुरी में सोमवार दोपहर मध्यांचल अधिवक्ता संघर्ष समिति के बैनर तले अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को ज्ञापन सौंपा। यह प्रदर्शन गोंडा में अधिवक्ता सुभाष मिश्रा की हत्या के विरोध में किया गया।
अधिवक्ताओं ने प्रदेशभर में वकीलों के साथ लगातार हो रहे अत्याचार और हत्याओं पर गहरी नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि यदि सरकार ने अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए तो पूरे प्रदेश में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
प्रमुख मांगें
ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ताओं ने शासन से निम्न मांगें कीं—
मृतक अधिवक्ता सुभाष मिश्रा के परिजनों को 5 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए।
परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
पूरे उत्तर प्रदेश में तत्काल प्रभाव से अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों में अधिवक्ताओं पर हमले बढ़ते जा रहे हैं, जिससे कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस दौरान अधिवक्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर सरकार को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
रिपोर्ट: मोहित गुप्ता, ब्यूरो चीफ, मैनपुरी
(पिंक सिटी टाइम्स)