फिरोजाबाद, 20 फरवरी (सू0वि0)।
जनपद में निर्वाचन विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी विशु राजा की अध्यक्षता में समस्त सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में निर्वाचन कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए गए। निर्देशित किया गया कि निर्वाचन संबंधी नोटिस डिलीवरी का कार्य 26 फरवरी तक शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए।
अपर जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ को अनिवार्य रूप से क्षेत्र भ्रमण कर घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्धारित तिथियों पर अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहने और जीओ लॉगिन पोर्टल पर प्रदर्शित डाटा का मौके पर भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मतदाता सूची की शुद्धता बनी रहे।
बैठक में विशेष रूप से फॉर्म-6 अधिक से अधिक भरवाने पर जोर दिया गया। 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है।
समीक्षा के दौरान जिन अधिकारियों और कार्मिकों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया गया, उन्हें चेतावनी भी दी गई। स्पष्ट किया गया कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन का लक्ष्य एक पारदर्शी, शुद्ध और समावेशी मतदाता सूची तैयार करना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) एवं डिप्टी कलेक्टर अनुराधा सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।