पीसीटी
समाचार

फिरोजाबाद: ककरऊ हादसे के पीड़ितों के लिए मुआवजे की मांग, किसान यूनियन ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
फिरोजाबाद के गांव ककरऊ में चार दिन पूर्व हुए दर्दनाक हादसे में मृतक बच्ची और घायलों के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग को लेकर बुधवार को भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के कार्यकर्ताओं ने सदर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि गांव ककरऊ में मकान निर्माण के दौरान अचानक लेंटर गिर गया था। इस हादसे में करीब डेढ़ दर्जन लोग मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए थे, जबकि एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद से पीड़ित परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहे हैं।
बुधवार दोपहर करीब एक बजे किसान यूनियन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता तहसील पहुंचे और सदर एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मृतक बच्ची के परिजनों को उचित मुआवजा तथा घायलों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की मांग की।
यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि प्रशासन को तत्काल प्रभाव से राहत राशि जारी करनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवारों को इस कठिन समय में सहारा मिल सके।
प्रशासन की ओर से ज्ञापन प्राप्त कर मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *