पीसीटी
समाचार

आधार कार्ड के नाम पर छात्रों को परीक्षा से रोका गया, गणित का पेपर नहीं दिलाने का आरोप
पेपर कोड–041 की परीक्षा से वंचित छात्रों ने दोबारा परीक्षा कराने की उठाई मांग, अभिभावकों में रोष
फिरोजाबाद, 17 जून 2026।
जनपद फिरोजाबाद के पी.एम. केंद्रीय विद्यालय ओ.ई.एफ. हजरतपुर किरीजाबाद में आयोजित गणित विषय (पेपर कोड–041) की परीक्षा को लेकर गंभीर विवाद सामने आया है। छात्रों ने आरोप लगाया है कि आधार कार्ड के नाम पर उन्हें परीक्षा में बैठने से रोक दिया गया, जिससे उनका पूरा शैक्षणिक वर्ष प्रभावित होने की आशंका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्र-छात्राएं सुबह करीब 9 बजे प्रवेश पत्र और आवश्यक सामग्री के साथ परीक्षा केंद्र पर पहुंच गए थे। आरोप है कि विद्यालय का गेट लगभग 10 बजे खोला गया। इसके बाद आधार कार्ड की जांच के नाम पर कुछ छात्रों को अलग खड़ा कर दिया गया।
छात्रों का कहना है कि उन्होंने अपने मोबाइल फोन में आधार कार्ड की डिजिटल कॉपी दिखाई, लेकिन विद्यालय प्रशासन ने उसे मान्य नहीं माना और आधार कार्ड की छपी हुई प्रति (हार्ड कॉपी) प्रस्तुत करने की मांग की। छात्रों के अनुसार, परीक्षा केंद्र के आसपास कोई जन सेवा केंद्र उपलब्ध नहीं था, जिसके कारण उन्हें करीब एक किलोमीटर दूर जाकर आधार कार्ड की प्रिंट निकलवानी पड़ी।
छात्रों का आरोप है कि जब वे लगभग 10:20 बजे आधार कार्ड की छपी प्रति लेकर पुनः विद्यालय पहुंचे तो उन्हें परीक्षा में शामिल होने से साफ मना कर दिया गया।
घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि छात्रों और अभिभावकों का आरोप है कि विद्यालय प्रशासन ने पुलिस के हस्तक्षेप के बावजूद अपना निर्णय नहीं बदला। इस घटनाक्रम के बाद परीक्षा केंद्र के बाहर छात्रों और अभिभावकों में आक्रोश देखने को मिला।
पीड़ित छात्रों का कहना है कि प्रशासनिक लापरवाही के चलते उनका एक वर्ष बर्बाद हो सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि गणित विषय की परीक्षा पुनः आयोजित कराई जाए, ताकि उनके भविष्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
फिलहाल मामले को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यदि जांच में छात्रों के आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह परीक्षा प्रबंधन व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *