पीसीटी
समाचार

33वीं जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ, नौ ब्लॉकों के खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा
फिरोजाबाद। दाऊ दयाल स्टेडियम में ‘खेलो इंडिया’ अभियान के अंतर्गत 33वीं जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में जनपद के नौ विकास खंडों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मार्चपास्ट कर अतिथियों को सलामी दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष असीजा रहे, जबकि अध्यक्षता बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पांडे ने की। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
अपने संबोधन में विधायक असीजा ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त साधन है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि वे अपने से बेहतर खिलाड़ी का सम्मान करना सीखें और अनुशासन व समर्पण के साथ खेलें। उन्होंने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ जैसे अभियान ग्रामीण और जनपदीय स्तर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अवसर प्रदान कर रहे हैं।
बीएसए आशीष कुमार पांडे ने कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से भी बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने की अपील की।
प्रतियोगिता के अंतर्गत एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल विधाओं में मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान किए जाएंगे। उद्घाटन समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *