फिरोजाबाद में निर्माणाधीन मकान का लेंटर गिरा: एक बालिका की मौत, 12 लोग गंभीर घायल
फिरोजाबाद। दौलतपुर रोड स्थित न्यू लक्ष्मी नगर में निर्माणाधीन मकान का लेंटर गिरने से बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के समय मौके पर कुल 21 लोग मौजूद थे, जिनमें से 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक बालिका की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। राहत एवं बचाव कार्य नगर निगम और प्रशासन की टीम की मौजूदगी में संचालित किया गया। घायलों को तत्काल ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
ट्रामा सेंटर पहुंचकर जनप्रतिनिधियों ने घायलों का हाल-चाल जाना और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य व सीएमएस को सभी घायलों को समुचित एवं बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही मृतक बालिका के परिजनों को दैवीय आपदा राहत के अंतर्गत आर्थिक सहायता दिलाने तथा घायलों के परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों से वार्ता की गई।
घटनास्थल पर महापौर, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी तथा नगर निगम की टीम मौजूद रही और राहत कार्यों की निगरानी करती रही। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच के निर्देश भी दिए हैं।