फिरोजाबाद: जसराना के पाढ़म में तीन मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग, लाखों का नुकसान
दमकल की कई गाड़ियों की कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया आग पर काबू
फिरोजाबाद के जसराना क्षेत्र के कस्बा पाढ़म में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तीन मंजिला इमारत के बेसमेंट में विद्युत शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार थाना जसराना क्षेत्र स्थित राजपूत मार्केट नामक इस बिल्डिंग के बेसमेंट में ड्रम, बारदाना और शिवाला का तेल रखा हुआ था। शाम करीब साढ़े पांच बजे बेसमेंट से धुआं निकलता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थानीय लोगों ने प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता न मिलने पर दमकल विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना जसराना पुलिस और दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की तीव्रता को देखते हुए शिकोहाबाद से भी अतिरिक्त दमकल बुलाई गई। आसपास की दुकानों में मौजूद लोगों ने एहतियातन अपना सामान खाली कर लिया। जब आग पर काबू पाना मुश्किल हुआ तो बिल्डिंग के पीछे जेसीबी लगाकर दीवार तोड़ी गई, जिसके बाद करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत से आग बुझाई जा सकी।
इमारत के ऊपर की मंजिलों पर प्रीतम सिंह, प्रेमपाल और छोटेलाल अपने परिवार के साथ रहते हैं, जबकि एक हिस्से में अखिलेश कुमार माहेश्वरी बारदाना बिक्री का कार्य करते हैं। पीड़ितों के अनुसार आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
घटनास्थल के पास ही स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ इंडिया की शाखाएं भी स्थित हैं, जिससे आसपास के क्षेत्र में और अधिक चिंता का माहौल बन गया। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं।