फिरोजाबाद: फार्मर रजिस्ट्री की धीमी प्रगति पर डीएम सख्त, शत-प्रतिशत पंजीकरण के निर्देश
फिरोजाबाद में जिलाधिकारी रमेश रंजन ने अपने कक्ष में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक के दौरान जिले के विभिन्न गांवों में चल रहे पंजीकरण कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया गया।
समीक्षा में धीमी प्रगति वाले ग्राम सचिवों को सख्त हिदायत देते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाली इस योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन कर्मचारियों के प्रदर्शन में सुधार नहीं होगा, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक गांव में शत-प्रतिशत किसानों का फार्मर रजिस्ट्री कराने पर जोर देते हुए कहा कि इससे सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक समय पर पहुंच सकेगा। साथ ही मुख्य विकास अधिकारी को नियमित फील्ड मॉनिटरिंग करने तथा प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम है और इसमें देरी का अर्थ किसानों को उनके अधिकारों से वंचित करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपनिदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।