पीसीटी
समाचार

महाशिवरात्रि पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा: डीएम और एसएसपी ने पचोखरा क्षेत्र का किया निरीक्षण
फिरोजाबाद, 12 फरवरी।
पावन पर्व महाशिवरात्रि के दृष्टिगत जिलाधिकारी रमेश रंजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने संयुक्त रूप से जनपद की टूंडला तहसील अंतर्गत थाना पचोखरा क्षेत्र का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात संबंधित विभागीय अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी टूंडला ने बताया कि अधिक भीड़-भाड़ वाले संवेदनशील स्थलों पर 24 घंटे एंबुलेंस तैनात रहेगी तथा चिकित्सकों की विशेष टीम लगातार ड्यूटी पर मौजूद रहेगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
खंड विकास अधिकारी ने जानकारी दी कि निहाल सिंह की पुलिया, तजापुर और रजावली मार्ग पर विशेष कैंप स्थापित किए गए हैं। इन शिविरों में शुद्ध पेयजल, दूध और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि दर्शनार्थियों और कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं अधिशासी अभियंता विद्युत ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर लटके ढीले तारों को दुरुस्त करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है, जिससे संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
उपजिलाधिकारी टूंडला ने बताया कि क्षेत्र के सभी अत्यधिक भीड़ वाले बिंदुओं को चिन्हित कर लिया गया है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़कों के क्षतिग्रस्त किनारों की मरम्मत कराई जा रही है, ताकि आवागमन सुगम बना रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि महाशिवरात्रि पर आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा संवेदनशील स्थलों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी विशु राजा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *