जलभराव से त्रस्त वार्ड 58 की महिलाओं का फूटा गुस्सा, नगर निगम पहुंचकर जताया विरोध
फिरोजाबाद। वार्ड नंबर 58 हबीबगंज में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या को लेकर गुरुवार को क्षेत्र की महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। मोहल्ले में रहने वाली आसमा और यासमीन सहित दर्जनों महिलाएं एकजुट होकर नगर निगम कार्यालय पहुंचीं और अधिकारियों के खिलाफ जोरदार नाराजगी जताई।
महिलाओं का कहना है कि उनके वार्ड में काफी समय से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण सड़कों पर गंदा पानी जमा रहता है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित अधिकारियों ने समस्या पर ध्यान नहीं दिया। मजबूर होकर उन्हें नगर निगम कार्यालय पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करनी पड़ी।
महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे बड़ा आंदोलन करने के लिए विवश होंगी। वहीं, नगर निगम कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने समस्या का निरीक्षण कर शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया है।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि वार्ड 58 में तत्काल नालियों की सफाई कराई जाए, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त की जाए और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।