पीसीटी
समाचार

फिरोजाबाद में बंद मकान को बनाया निशाना, शादी में गए परिवार के घर से नकदी-जेवर चोरी


थाना दक्षिण क्षेत्र की कर्बला गली में वारदात, पुलिस ने शुरू की जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
फिरोजाबाद।
थाना दक्षिण क्षेत्र स्थित कर्बला गली नंबर 9/10 में बीती रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए नकदी और कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना उस समय हुई जब घर के सभी सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए हुए थे।
मकान मालिक राम प्रकाश ने बताया कि देर रात परिवार सहित घर लौटने पर मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर प्रवेश करने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी व संदूक टूटे हुए थे। चोर नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
सूचना मिलने पर थाना दक्षिण पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही चोरी गए सामान का विवरण जुटाया है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि बंद मकान में चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि घर बंद छोड़कर बाहर जाने की स्थिति में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *