पीसीटी
समाचार

फिरोजाबाद में साइबर जागरूकता अभियान: छात्रों और शिक्षकों को दी डिजिटल सुरक्षा की जानकारी
फिरोजाबाद, 10 फरवरी 2026।
जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों पर रोक लगाने के उद्देश्य से थाना साइबर अपराध पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना साइबर अपराध पुलिस और साइबर वॉलिंटियर मोहन दीक्षित ने थाना रसूलपुर क्षेत्र स्थित श्री माता प्रसाद कलावती देवी विद्यालय में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और विद्यालय स्टाफ को डिजिटल सुरक्षा के प्रति सचेत किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को बताया गया कि फर्जी कॉल, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, सोशल मीडिया पर फेक आईडी, संदिग्ध लिंक या एपीके फाइल के माध्यम से होने वाले फ्रॉड तथा ओटीपी या बैंक विवरण साझा करने से गंभीर आर्थिक नुकसान हो सकता है।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी साइबर अपराध राजेश कुमार अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। उन्होंने नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, संदिग्ध कॉल और संदेशों से सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 या आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।
फिरोजाबाद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सावधानी बरतें और किसी भी अनजान लिंक, कॉल या संदेश पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें। साइबर अपराध से संबंधित सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *