फिरोजाबाद: डीएम रमेश रंजन ने जनकल्याण योजनाओं की समीक्षा की, फर्जी लाभार्थियों पर सख्ती के निर्देश
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने सोमवार को अपने कक्ष में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। साथ ही सख्त हिदायत दी कि सामूहिक विवाह योजना में कोई भी अपात्र या फर्जी व्यक्ति शामिल न होने पाए। इच्छुक लाभार्थियों से रजिस्ट्रार कार्यालय में पंजीकरण कराने की अपील भी की गई।
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रत्येक माह के प्रथम सोमवार को समाज कल्याण योजनाओं की गहन जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें। बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमती ने बताया कि सामूहिक विवाह योजना का निर्धारित लक्ष्य पूर्ण हो चुका है।
निराश्रित महिला पेंशन योजना की समीक्षा करते हुए डीएम ने जिला प्रोबेशन अधिकारी मिथलेश कुमार सिंह को कैंप लगाकर विधवा पेंशन के फार्म भरवाने के निर्देश दिए और अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही निर्माणाधीन बालगृह का कार्य शीघ्र शुरू कराने तथा सभी खंड विकास अधिकारियों को वृद्धावस्था पेंशन के लंबित मामलों के निस्तारण के लिए कैंप लगाने के निर्देश दिए।
ग्रामीण क्षेत्रों में कन्या सुमंगला योजना के विशेष शिविर आयोजित कराने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि बेटियों के प्रति समाज की सोच बदलने का माध्यम भी है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि०रा० विशु राजा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।