फिरोजाबाद: शक, शराब और संपत्ति विवाद में बेटे की हत्या—मक्खनपुर पुलिस ने आरोपी पिता को किया गिरफ्तार
फिरोजाबाद। जनपद के थाना मक्खनपुर क्षेत्र में हुए दिल दहला देने वाले हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अपने ही 11 वर्षीय बेटे की हत्या करने वाले पिता राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने संपत्ति विवाद और बेटे के अपने जैविक पुत्र न होने के शक के चलते इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, राजेश कुमार की शादी करीब 22 वर्ष पहले उर्मिला से हुई थी। आरोपी शराब पीने का आदी था, जिससे पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पारिवारिक कलह बढ़ने पर उर्मिला और उसके मायके पक्ष ने राजेश के पिता रामकिशन से मकान का बैनामा बेटे मयंक के नाम करा दिया था, जिससे राजेश भीतर ही भीतर आक्रोशित रहता था। इसी दौरान उसे यह भी संदेह हो गया कि मयंक उसका पुत्र नहीं है।
जांच में सामने आया कि 2 फरवरी 2026 को आरोपी ने पत्नी और बेटे की हत्या की योजना बनाई थी। दोपहर करीब 2 बजे जब मयंक स्कूल से घर लौटा और कमरे में मोबाइल पर गेम खेलने लगा, तभी राजेश ने हंसिया से उसके सिर पर वार कर दिया। घायल मयंक भागने की कोशिश में सीढ़ियों के पास गिर पड़ा, जहां आरोपी ने उस पर ताबड़तोड़ 25 से अधिक वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने खून साफ करने की कोशिश की, खून से सना बोरा और अपने कपड़े छत से खाली प्लॉट में फेंक दिए और शव को संदूक में बंद कर दिया। इसी दौरान पत्नी के घर पहुंचने पर वह घबरा गया और हंसिया लेकर मौके से फरार हो गया। बाद में उसने हंसिया को फैक्ट्री के पास स्टेशन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते के सरसों के खेत में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हंसिया बरामद कर ली है। पूछताछ में राजेश ने बेटे की हत्या की बात कबूल करते हुए संपत्ति विवाद और शक को वजह बताया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिरोजाबाद: शक, शराब और संपत्ति विवाद में बेटे की हत्या—मक्खनपुर पुलिस ने आरोपी पिता को किया गिरफ्तार