पिंक सिटी टाइम्स

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, तीन माह के मासूम की मौत, एक दर्जन घायल
फिरोजाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नसीरपुर क्षेत्र के अंतर्गत माइल स्टोन 54-55 के बीच कश्मीरी गेट (दिल्ली) से गोरखपुर जा रही डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में गोरखपुर निवासी कृष्णा यादव के तीन माह के मासूम बेटे शुभ की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए।
सूचना मिलते ही राहत और बचाव टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को यूपीडा एंबुलेंस की मदद से जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश घायलों को मामूली चोटें आई थीं, जिनका प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि हादसा रात करीब 2:30 बजे हुआ, जब बस अचानक संतुलन खो बैठी और सड़क पर पलट गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों से रात के समय यात्रा के दौरान सतर्कता बरतने और वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *