लखनऊ में ‘उत्तर प्रदेश फार्मा कॉन्क्लेव 1.0’ का भव्य शुभारंभ, निवेश व रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति में सोमवार को राजधानी लखनऊ में ‘उत्तर प्रदेश फार्मा कॉन्क्लेव 1.0’ का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
कॉन्क्लेव में देश-विदेश से आए वैश्विक निवेशकों, फार्मा कंपनियों और अग्रणी उद्यमियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान औषधि निर्माण, मेडिकल डिवाइस, जैव-प्रौद्योगिकी और संबद्ध क्षेत्रों में निवेश, नवाचार और रोजगार सृजन को गति देने के उद्देश्य से कई समझौता ज्ञापनों (MoUs) का आदान-प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से फार्मा और मेडिकल डिवाइस हब के रूप में उभर रहा है। राज्य सरकार निवेशकों को अनुकूल नीति, बेहतर अवसंरचना और सुगम प्रक्रियाएं उपलब्ध करा रही है। इससे न केवल उद्योग को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने अपने वर्चुअल संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की पहल की सराहना करते हुए कहा कि फार्मा और हेल्थ सेक्टर में निवेश से देश की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
‘उत्तर प्रदेश फार्मा कॉन्क्लेव 1.0’ को राज्य में स्वास्थ्य अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण, उद्योगों के विस्तार और निवेश आकर्षित करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।