पिंक सिटी टाइम्स

। फिरोजाबाद नगर निगम को मंगलवार को नया नगर आयुक्त मिल गया। नवागत नगर आयुक्त प्रशांत नगर ने औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने नगर निगम परिसर स्थित विभिन्न विभागों और कार्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद किया और नगर निगम की कार्यप्रणाली, लंबित विकास कार्यों तथा शहर से जुड़ी प्रमुख समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि नगर आयुक्त के रूप में यह उनका पहला कार्यभार है और शहर की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
प्रशांत नगर ने स्पष्ट किया कि शहर में चल रहे विकास कार्यों को गति प्रदान करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, सड़क निर्माण और मरम्मत, तथा प्रकाश व्यवस्था जैसे जनहित से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान केंद्रित करने की बात कही। साथ ही अधिकारियों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए हर समय तत्पर रहेगा और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त निहाल सिंह सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने नवागत नगर आयुक्त का स्वागत किया और उन्हें पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *