पिंक सिटी टाइम्स

जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही अक्षम्य: मंत्री जयवीर सिंह
फिरोजाबाद।
उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री माननीय जयवीर सिंह ने आज अपने आवास पर जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए आमजन की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी व्यक्तिगत व सार्वजनिक समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया।
जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए माननीय मंत्री जयवीर सिंह ने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री जयवीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों को अपने जायज कार्यों के लिए कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें तथा प्रत्येक प्रार्थना पत्र का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं और न्याय को पहुंचाना है।
जनसुनवाई के दौरान मुख्य रूप से राजस्व, पुलिस, प्रशासन, विकास कार्य, स्वास्थ्य विभाग से संबंधित शिकायतें सामने आईं, जिन्हें मौके पर ही संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *