पिंक सिटी टाइम्स

फिरोजाबाद | कर्बला गली नंबर-6 में चोरी, लाखों के जेवर व नकदी पर हाथ साफ
फिरोजाबाद के कर्बला गली नंबर-6 में बीती रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। घटना के समय मकान मालिक परिवार सहित बाहर गए हुए थे।
पीड़ित बृजेश कुमार पुत्र गोपाल, निवासी कर्बला गली नंबर-6, ने बताया कि वह गुरुवार को अपनी बहन के यहां गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान रात में अज्ञात चोरों ने उनके घर के मुख्य गेट की कुंडी काटकर प्रवेश किया। इसके बाद अंदर कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सभी ताले तोड़ दिए और कीमती जेवरात व नगदी लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी तब सामने आई जब पास ही रहने वाले छोटे भाई को पड़ोसियों ने सूचना दी कि घर का ताला टूटा पड़ा है। छोटे भाई ने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी और तुरंत बृजेश कुमार को फोन कर चोरी की सूचना दी। परिवार के लोग जब घर लौटे तो सारा कीमती सामान और नगदी गायब मिली।
चोरी की इस वारदात के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *