पिंक सिटी टाइम्स

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की बैंकवार प्रगति पर सीडीओ ने जताई नाराज़गी
कम प्रगति वाले बैंकों को 2 दिन में ऋण स्वीकृति व वितरण के निर्देश
फिरोजाबाद | 30 जनवरी 2026
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत बैंकवार प्रगति की समीक्षा को लेकर शुक्रवार सायं कलेक्ट्रेट सभागार, दबरई फिरोजाबाद में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) फिरोजाबाद ने की। इस दौरान जनपद में योजना के तहत ऋण स्वीकृति व वितरण की स्थिति की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान ऐक्सिस बैंक, केनरा बैंक, एचडीएफसी बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक की प्रगति अत्यंत कम पाए जाने पर सीडीओ ने कड़ा रोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधकों एवं जिला समन्वयकों को निर्देश दिए कि वे दो दिवस के भीतर बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों पर ऋण स्वीकृति एवं वितरण की कार्यवाही सुनिश्चित कर उपायुक्त उद्योग को प्रगति से अवगत कराएं।
कम प्रगति वाली शाखाओं पर उच्चाधिकारियों को पत्र भेजने के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन बैंक शाखाओं की प्रगति नगण्य या अत्यधिक कम है, उनके संबंध में बैंकों के उच्चाधिकारियों को पत्र प्रेषित किया जाए, ताकि जवाबदेही तय की जा सके।
निरस्त आवेदनों की जांच के लिए बनेगी जिला स्तरीय कमेटी
बैठक में यह भी सामने आया कि कुछ बैंकों द्वारा बिना ठोस कारण बड़ी संख्या में आवेदन पत्र निरस्त किए जा रहे हैं। इस पर सीडीओ ने निर्देश दिए कि निरस्त आवेदनों की जांच के लिए एक जिला स्तरीय कमेटी का गठन किया जाए।
यह कमेटी यह परीक्षण करेगी कि निरस्त किए गए आवेदन भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की गाइडलाइंस के अनुरूप हैं या नहीं। जांच के बाद कमेटी 15 दिवस के भीतर बैंकवार विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उपायुक्त उद्योग के माध्यम से जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करेगी।
बैठक में गैरहाजिर अधिकारियों पर सख्ती
बैठक में कुछ बैंकों के जिला समन्वयक एवं शाखा प्रबंधकों की अनुपस्थिति पर सीडीओ ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने निर्देश दिए कि इस संबंध में कारण सहित स्पष्टीकरण तीन दिवस के भीतर प्रस्तुत करने हेतु संबंधित अधिकारियों को पत्र जारी किए जाएं।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग केंद्र, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक सहित भारतीय स्टेट बैंक, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, इंडियन बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
— संध्या
उपायुक्त उद्योग
जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, फिरोजाबाद
कार्यालय: उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, फिरोजाबाद

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *