जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के दिए गए अहम निर्देश
फिरोजाबाद।
जिलाधिकारी रमेश रंजन के निर्देशानुसार मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति (शासकीय निकाय) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत विगत बैठक की कार्यवाही की अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने से हुई, जिस पर सभी सदस्यों ने सहमति व्यक्त की।
बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद ने माह दिसंबर 2025 की स्वास्थ्य रैंकिंग में 9वां स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को स्वास्थ्य संकेतकों में और अधिक सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद की प्रथम संदर्भ चिकित्सा इकाइयों (FRU) पर सीजर प्रसव की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही ब्लॉक जसराना एवं सिरसागंज में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया गया।
आयुष्मान भारत योजना के तहत अपेक्षाकृत कम प्रगति पर नाराजगी जताते हुए 1 जनवरी से अब तक बनाए गए आयुष्मान कार्डों का विवरण मांगा गया। बैठक में बताया गया कि जनवरी माह में अब तक 10,860 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। इसके बावजूद लक्ष्य की प्राप्ति हेतु कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि समस्त आशा संगिनी एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की ऑपरेटर आईडी शीघ्र बनाई जाए तथा नियमित रूप से सायंकालीन जूम बैठक के माध्यम से प्रगति की समीक्षा की जाए। खराब प्रदर्शन करने वाले कर्मियों से स्पष्टीकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत सभी बच्चों को शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से यूपीएससी संत नगर एवं सैलई क्षेत्र में पर्यवेक्षण बढ़ाकर टीकाकरण कार्य में सुधार लाने को कहा गया।
बैठक में जानकारी दी गई कि 16 फरवरी से मीजल्स अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। इसके लिए माइक्रो प्लान समय से तैयार कर अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही टीबी मुक्त भारत कार्यक्रम के अंतर्गत प्रस्तावित 100 दिवसीय अभियान की तैयारियां समय रहते पूर्ण करने को कहा गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने आभा आईडी, ई-कवच एवं टेलीमेडिसिन की समीक्षा करते हुए प्रगति में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने एनआरसी (पोषण पुनर्वास केंद्र) में अधिक से अधिक बच्चों को भर्ती कराने के लिए आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से सैम-मैम बच्चों की समय से पहचान कर संदर्भित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।