मदनपुर ब्लॉक में 149 लाभार्थियों को मिले मुख्यमंत्री आवास योजना के प्रमाण पत्र, अपने घर का सपना हुआ साकार
फिरोजाबाद | 30 जनवरी | सू0वि0
जनपद फिरोजाबाद में गरीब और पात्र परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने की दिशा में मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत लगातार प्रभावी कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी रमेश रंजन के मार्गदर्शन, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के कुशल नेतृत्व एवं परियोजना निदेशक के सतत प्रयासों से यह योजना अब ज़मीनी स्तर पर परिणाम दे रही है।
इसी क्रम में मदनपुर ब्लॉक परिसर में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां 149 पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रमाण पत्र प्राप्त करते ही लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर नागरिक के सिर पर सुरक्षित छत हो, जिससे उसके जीवन स्तर में सुधार आ सके। प्रशासन का स्पष्ट लक्ष्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति आवास सुविधा से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के दौरान बंजारा समुदाय से आने वाले सुजनीपुर निवासी हवलदार, मुन्नी देवी, दिव्यांग सुभाष, निराश्रित विधवा अनीता, दिव्यांग अनिल कुमार एवं निराश्रित विधवा सुमन सहित अन्य लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपे गए।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख योगेन्द्र सिंह, पूर्व विधायक हरीओम, खंड विकास अधिकारी कविता चाहर सहित बड़ी संख्या में मदनपुर क्षेत्र के नागरिक मौजूद रहे।