फिरोजाबाद विकास प्राधिकरण में डीएम रमेश रंजन का सख्त रुख
अवैध निर्माण पर जीरो टॉलरेंस, पारदर्शी कार्यशैली के निर्देश
फिरोजाबाद | 30 जनवरी | सू0वि0
जिलाधिकारी रमेश रंजन ने गुरुवार को फिरोजाबाद विकास प्राधिकरण (एफडीए) का कार्यभार संभालते हुए प्राधिकरण की कार्यप्रणाली की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास और व्यवस्था के नाम पर आमजन का किसी भी स्तर पर उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने शहर में हो रहे अवैध निर्माणों पर सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि नियम विरुद्ध किसी भी निर्माण की पहचान कर तत्काल प्रभाव से नोटिस जारी किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम रमेश रंजन ने कहा कि नोटिस जारी करने और कार्रवाई की प्रक्रिया को पूरी तरह व्यवस्थित एवं कानूनी बनाया जाए। इसके लिए राजस्व न्यायालय में अपनाई जाने वाली विधिक प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी कार्रवाई में कानूनी बाधा उत्पन्न न हो।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने शहर में स्थित बड़े-बड़े खाली प्लॉटों का विस्तृत डाटा तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अब प्राधिकरण इन भूखंडों की स्थिति और उनके उपयोग की गहन जांच करेगा, जिससे भविष्य की योजनाओं और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
अधिकारियों को मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की सलाह देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि उनकी समस्याओं का समाधान करना होना चाहिए। वैध और नियम संगत कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि आम नागरिकों को बार-बार प्राधिकरण के चक्कर न लगाने पड़ें।
समीक्षा बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट विनोद पांडे सहित फिरोजाबाद विकास प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।