बैंक कर्मियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल से फिरोजाबाद में बैंकिंग सेवाएं ठप, आगरा गेट PNB शाखा पर जोरदार प्रदर्शन
फिरोजाबाद।
देशव्यापी एक दिवसीय बैंकिंग हड़ताल का असर मंगलवार को फिरोजाबाद में व्यापक रूप से देखने को मिला। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर जिले के विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्मचारी हड़ताल पर रहे, जिससे बैंकिंग कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा।
हड़ताल के तहत यूपी बैंक एम्प्लॉई यूनियन (UPBEU) के बैनर तले आगरा गेट स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) शाखा पर बैंक कर्मियों ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की प्रमुख मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान “आवाज़ दो, हम एक हैं” और “पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करो” जैसे नारे गूंजते रहे।
यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि 27 जनवरी 2026 को राष्ट्रव्यापी स्तर पर एक दिवसीय बैंक हड़ताल का आयोजन किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य बैंक कर्मचारियों पर बढ़ते कार्यभार को कम कराने और पांच दिवसीय कार्य प्रणाली को लागू कराना है।
वक्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ते काम के दबाव से बैंक कर्मचारी मानसिक और शारीरिक तनाव का सामना कर रहे हैं। यदि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू होती है तो कर्मचारियों को राहत मिलेगी, साथ ही ग्राहकों को भी बेहतर और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्राप्त होंगी।
यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने बैंक कर्मियों की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया, तो आने वाले समय में इससे भी बड़ा राष्ट्रव्यापी आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
हड़ताल के चलते जनपद की कई बैंक शाखाओं में लेन-देन सहित अन्य बैंकिंग कार्य बाधित रहे, जिससे आम उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना करना पड़ा।
धरना-प्रदर्शन में
अशोक कुमार महेश्वरी (चेयरमैन, UPBEU),
सुबोध गुप्ता (सेक्रेटरी, UPBEU),
मनीष यादव (सेक्रेटरी, PNBSA)
सहित बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी मौजूद रहे।