77वें गणतंत्र दिवस पर आगरा मंडल आयुक्त ने ली परेड की सलामी, बोले — सद्भावना और विकास से ही बनेगा उन्नत राष्ट्र
फिरोजाबाद।
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आयुक्त आगरा मंडल शैलेंद्र कुमार सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर जिलाधिकारी रमेश रंजन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित भी मंच पर उपस्थित रहे।
परेड निरीक्षण के उपरांत आयुक्त महोदय ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक उन्नति केवल भौतिक संसाधनों से नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भावना और सौहार्द से होती है। उन्होंने कहा कि जाति, धर्म और महापुरुषों के प्रति सम्मान ही सच्चे लोकतंत्र की पहचान है।
उन्होंने पुलिस बल की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस कर्मियों के अनुशासन और आत्मविश्वास से नागरिकों में सुरक्षा का भाव उत्पन्न होता है।
देश की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए आयुक्त ने कहा कि आज़ादी के समय देश की 90 प्रतिशत आबादी गरीबी रेखा के नीचे थी और औसत जीवन प्रत्याशा मात्र 35 वर्ष थी, जबकि आज भारत ने चौमुखी विकास किया है। भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है, जो माननीय प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व का परिणाम है।
उत्तर प्रदेश की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश आज देश की जीडीपी में 9.02 प्रतिशत योगदान कर रहा है और एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनने की दिशा में तेज़ी से अग्रसर है। ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के माध्यम से 16 हजार करोड़ रुपये का निवेश प्रदेश को प्राप्त हुआ है।
उन्होंने बताया कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, एक जनपद-एक उत्पाद, सुदृढ़ कानून व्यवस्था और विकसित आधारभूत संरचना ने उत्तर प्रदेश को नई पहचान दी है। प्रदेश में 16 एयरपोर्ट, जिनमें 4 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे शामिल हैं, विकास की गति को दर्शाते हैं।
केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए आयुक्त ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, ऑर्गेनिक खेती, रियल टाइम खतौनी, पर्यटन स्थलों का पुनरोद्धार तथा वृहद वृक्षारोपण अभियान समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचा रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में आयुक्त महोदय ने शहीदों को नमन करते हुए नागरिकों से आह्वान किया कि देश के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक ताने-बाने को सुदृढ़ करने में सभी की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर उत्कृष्ट सेवा देने वाले पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।